लखनऊ। उत्तर प्रदेश में आए विनाशकारी तूफान में करीब 73 लोगों की मौत के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कर्नाटक में अपना चुनाव प्रचार बीच में ही छोड़कर लौट रहे हैं। दरअसल, ऐसे समय में सीएम के प्रदेश में होने के बजाय कर्नाटक में भाजपा के लिए चुनाव प्रचार करने की आलोचना हो रही थी।
बुधवार रात में आए तूफान में अकेले आगरा में ही 64 लोगों की मौत हो गई थी। इसके अलावा राज्य के अन्य जिलों में भी कई लोग हताहत हुए थे। इस घटना को लेकर यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने भी योगी पर तंज कसा था।
भाजपा के प्रचार के लिए योगी आदित्यनाथ कर्नाटक आये थे। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने ट्वीट कर कहा कि सीएम योगी को कर्नाटक का चुनाव प्रचार छोड़कर तुरंत यूपी वापस आना चाहिए था।
अखिलेश ने कहा कि जनता ने उन्हें अपने प्रदेश की समस्याओं के समाधान के लिए चुना है, न कि कर्नाटक की राजनीति के लिए। इन हालात में भी अगर वह वापस नहीं आते हैं, तो फिर वह हमेशा के लिए वहीं अपना मठ बना लें।